देश के प्रतिष्ठित प्रबंध संस्थानों में दाखिले के लिए कैट-2014 रविवार को राजधानी के छह केंद्रों पर होगा। इस बार इसके पैटर्न में कई बदलाव किए गए हैं।
आईआईएम इंदौर की ओर से आयोजित होने वाला यह एग्जाम पूरी तरह ऑनलाइन होगा।
कैट में इस वर्ष कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। ऑनलाइन मोड से फीस जमा करने की अनिवार्यता के साथ ही परीक्षा के दौरान मिलने वाले समय में भी बढ़ोतरी कर दी गई है।
प्रश्नपत्र हल करने के लिए 140 मिनट के बजाय 170 मिनट का समय मिलेगा। प्रश्नपत्र में भी संख्यात्मक, डाटा इंटरप्रेटेशन, वर्बल एबिलिटी और लॉजिकल रीजनिंग के सवालों की संख्या 30 से बढ़ाकर 50 कर दी गई है।
प्रश्नपत्र हल करते समय अभ्यर्थी किसी भी समय किसी सेक्शन के सवाल हल कर सकेगा। इससे पहले की परीक्षा में सवाल न हल कर पाने की सूरत में प्रश्न अधूरे छोड़ने पड़ते थे। अब ऐसा नहीं होगा।
जानें परीक्षा से जुड़ी खास जानकारियां
अभ्यर्थी अपनी क्षमता के हिसाब से सेक्शन कम या ज्यादा समय में पूरा कर सकेगा। इस साल परीक्षा देश के 99 शहरों के 354 परीक्षा केंद्रों पर हो रही है।
परीक्षा केंद्र चुनने के लिए अभ्यर्थी को वरीयता क्रम में तीन शहरों का विकल्प देने थे। परीक्षा का आयोजन 16 और 22 नवंबर को दो-दो पालियों में किया जा रहा है।
प्रवेश पत्र अभ्यर्थी कैट की वेबसाइट से ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र, फोटो आईडी लेकर जाएं।
पहली पाली की रिपोर्टिंग- 7:30 बजे
पहली पाली की परीक्षा- सुबह 9:30 से 12:20 बजे तक
दूसरी पाली की रिपोर्टिंग- 1:00 बजे
दूसरी पली की परीक्षा- दोपहर 3:00 बजे से 5:50 बजे तक
रिजल्ट की घोषणा- दिसंबर 2014 के तीसरे सप्ताह में
ईमेल आईडी- cat2014@iimidr.ac.in/cat2014helpdesk@iimcat.ac.in
फोन नंबर- 07312439688689, 07312439688690
तनाव भूलकर हों रिलैक्स
जो भी आपको पढ़ना था आप पढ़ चुके हैं। जरूरी नहीं है कि आइखरी समय में नया पढ़ा टॉपिक क्लीयर हो जाए। हां, इसकी आशंका जरूर है कि नया पढ़ने के चक्कर में रिवीजन न हो पाए।
यह सलाह टीम सत्यम के निदेशक सत्यम सर की है। सत्यम के मुताबिक परीक्षा से पहले केवल लास्ट मिनट का रिवीजन करना चाहिए। आखिरी समय तनाव लेने की कोई जरूरत नहीं। कोशिश करिए कि परीक्षा से पहले कुछ नया न पढ़ें।
परीक्षा के दिन अपना ध्यान सेंटर पर टाइम पर पहुंचने और सारे डॉक्यूमेंट साथ ले जाने पर दें। इन सब पर ध्यान देंगे तो सफलता जरूर मिलेगी।