रविवार 18 मई को होने वाले एमडी/एमएस एग्जाम में नकल रोकने के लिए संस्थान की ओर से कई पुख्ता और सख्त इंतजाम किए गए हैं। सभी 12 सेंटरों में बग डिटेक्टर और मोबाइल फोन जैमर लगाए गए हैं। स्टिल फोटोग्राफी और बायोमैट्रिक फिंगरप्रिंट का भी इंतजाम किया गया है।
पीजीआई की ओर से सभी कैंडीडेट को निर्देश दिया गया है कि कोई भी एग्जाम सेंटर में अपने साथ पानी की बोतल, कार की चाबी, चेन, मोबाइल, पेन, रिस्ट वॉच, रिंग, पर्स, लेडी पर्स, ईयररिंग, एडमिट कार्ड का लिफाफा व किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
यदि कोई भी इन चीजों के साथ आया तो उसे परीक्षा हाल में बैठने नहीं दिया जाएगा। सभी केंद्रों में पीजीआई के प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड तैनात रहेंगे। इसके अलावा केंद्रों के बाहर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।
साढ़े नौ बजे के बाद एंट्री नहीं होगी
एमडी/एमएस एग्जाम में बैठने वाले परीक्षार्थियों की एंट्री सुबह आठ से साढ़े नौ बजे तक होगी। उसके बाद एंट्री नहीं होगी। स्टिल फोटोग्राफी और बायोमैट्रिक फिंगरप्रिंट के दौरान यदि एग्जाम शुरू हो जाता है तो परीक्षार्थियों को 10 मिनट का अलग से समय दिया जाएगा।
इस दौरान परीक्षार्थियों को इंस्टीट्यूट की ओर से पेन भी मुहैया करवाया जाएगा। डेढ़ साल पहले एमडी/एमएस एग्जाम में कुछ परीक्षार्थियों द्वारा नकल करते पकड़े जाने पर पीजीआई की ओर से सख्ती बढ़ा दी गई है।