कंप्यूटर फील्ड में कैरियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए इग्नू खास शुरुआत करने जा रहा है।
इंदिरा गांधी ओपन यूनिवर्सिटी(इग्नू) अब आईटी फील्ड के प्रतिष्ठित सेंटर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक एंड इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी चंडीगढ़ (एनआईईएलआईटी) के साथ समझौता किया है।
इग्नू की ओर से बीसीए और एमसीए कोर्स के लिए अब एनआईईएलआईटी को भी प्रोग्राम स्टडी सेंटर बनाने पर सहमति बन गई है।
फरवरी 2014 से सेक्टर-17 चंडीगढ़ स्थित एनआईईएलआईटी सेंटर में बीसीए, एमसीए और सीआईटी प्रोग्राम शुरू करेगा।
सेक्टर-14 पंचकूला स्थित इग्नू सेंटर के रीजनल डायरेक्टर डा. डीबी नेगी ने बताया कि वैसे तो पहले भी ये कोर्स कुछ सेंटर पर जारी थे, लेकिन इन कोर्स की गंभीरता और डिमांड को देखते हुए नेशनल स्तर के इंस्टीट्यूट से टाइअप किया गया है।
डा. नेगी ने बताया कि बीसीए और एमसीए दोनों कोर्स तीन साल के होंगे। उन्होंने बताया कि बीसीए में दाखिला डिप्लोमा के आधार पर मिलेगा।
इग्नू से बीसीए करने वाले विद्यार्थियों को सीधे एमसीए के दूसरे वर्ष में दाखिला मिल जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सेमेस्टर की फीस 10 हजार रुपये होगी।
एनआईईएलआईटी सेंटर से टाइअप करने के सवाल पर डा. नेगी ने बताया कि इससे विद्यार्थियों को प्रेक्टिकल ट्रेनिंग एक्सपर्ट के माध्यम से मिल सकेगी।
इन कोर्स में दाखिला लेने वालों को हफ्ते में छुट्टी के दिन प्रेक्टिकल कक्षाएं लगाई जाएंगी। प्रत्येक बैच में 150 विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा।
साल में दो बार जनवरी और जुलाई में दाखिला होगा। उन्होंने कहा कि नौकरी पेशा लोगों के लिए यह कोर्स काफी फायदेमंद होगा। कोर्स के बाद इग्नू बेहतर प्लेसमेंट के लिए तैयारी कर रही है।
विद्यार्थियों के लिए मल्टीनेशनल कंपनी के अलावा यूनिवर्सिटी और कालेज स्तर पर टीचिंग के रास्ते भी खुल सकेंगे। कोर्स का स्टडी मैटिरियल इग्नू की ओर से दिया जाएगा। प्रेक्टिकल कोर्स के लिए विद्यार्थियों को प्रयाप्त संख्या में कंप्यूटर भी मिल सकेंगे।