काउंसिल फार द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) की ओर से आईएससी (12वीं) के परीक्षा परिणाम जारी कर दिए गए। हालांकि सर्वर डाउन होने से छात्रों को रिजल्ट देखने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
विज्ञापन
छात्रों ने आईसीएसई के नतीजों में पिछली बार से अच्छा प्रदर्शन किया है। पिछली बार से 0.12 प्रतिशत बेहतर करते हुए इस छात्रों का पास प्रतिशत 95.27 पहुंच गया।
हमेशा की तरह लड़कियों ने इस बार भी लड़कों से बाजी मारी है। लड़कियों का पास प्रतिशत 96.58 है जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 94.18 पर रहा।
90 प्रतिशत से ऊपर अंक पाने वालों में छात्राओं की संख्या काफी रही। दून में हालांकि देर रात तक अव्वल नंबर पर छात्र नैवेद्य बंसल था लेकिन इसके बाद दूसरे नंबर पर छात्रा तृष्ला सिंह के अलावा कई और छात्राओं ने 95 से ऊपर अंक प्राप्त किए।
विज्ञापन
देहरादून में इनका बजा डंका
ब्राइटलैंड स्कूल के छात्र नैवेद्य बंसल 98.50 प्रतिशत अंकों के साथ दून में टाप रहे। उनके प्रदेश में भी टापर होने की संभावना है।
सीआईएससीई ने इस बार 12वीं का परिणाम अलग से जारी करने की घोषणा की थी। दोपहर तीन बजे का वक्त तय था, लेकिन कुछ ही छात्र रिजल्ट देख सके। इसके बाद सर्वर डाउन हो गया।
वेबसाइट पर पहले से रोल नंबर रजिस्टर कराने वाले छात्रों को दोपहर बाद 03:30 बजे रिजल्ट मिला। देर रात तक सर्वर डाउन का सिलसिला चलता रहा। इससे परिणाम रुक रुककर आया।
देर रात तक ब्राइटलैंड स्कूल के छात्र नैवेद्य बंसल 98.50 अंकों के साथ अव्वल रहे। नैवेद्य के पिता डॉ. नितिन बंसल और मां डा. नीता बंसल महंत इंदिरेश अस्पताल में कार्यरत हैं।
ब्राइटलैंड की ही त्रिशला सिंह और प्रखर गुप्ता 98.25 प्रतिशत अंक लेकर संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। जबकि ब्राइटलैंड के ही शांतनु त्रिपाठी देर रात तक 98 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
मसूरी में भी बेहतरीन प्रदर्शन
सेंट जार्ज कालेज, एमपीएस, जीएनएफसी आदि स्कूलों में ब्रॉडबैंक और इंटरनेट की दिक्कतें पेश आई। देर शाम को वाइनवर्ग ऐलन स्कूल ने अपना परीक्षा परिणाम हासिल किया।
प्रिंसिपल लिसले टिंडेल ने जानकारी दी कि स्कूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। स्कूल के छात्र राघव मुटनेजा और माधव भारद्वाज ने 97.5 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
95.5 अंक प्राप्त कर मेरीन ऐन जॉन दूसरे, शलभ गोयल ने 95, अभिषेक गुलाटी और ईशा बहुगुणा ने 94.25 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
हरिद्वार में इनके सिर बंधा ताज
ICSC से संबद्घ परिणामों में हरिद्वार के दून कैम्ब्रिज स्कूल की छात्रा सोनाली शर्मा ने कॉमर्स वर्ग में बाजी मारी। वहीं साइंस वर्ग में अक्षय बर्मन ने टॉप किया।
शनिवार को घोषित आईसीएससी के 12वीं के परिणामों में कॉमर्स वर्ग में सोनाली शर्मा ने 77.7 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि टिवंकल ने 57 प्रतिशत और निखिल ने 54 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
साइंस वर्ग में अक्षय बर्मन ने 75.3 प्रतिशत प्राप्त कर प्रथम स्थान, पूजा यादव ने 74 प्रतिशत, सचिन सेंथवाल ने 70.5 प्रतिशत, चेतना बर्मन ने 63 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
स्कूल की प्रधानाचार्य कामिनी वर्मा सहित अन्य स्टाफ ने सभी छात्र-छात्राओं केउज्जवल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी। वहीं छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने भी उनके शुभकामनाएं दी।
इस बार जमशेदपुर के आयुष बनर्जी 99.25 प्रतिशत लाकर आईसीएसई के टॉपर बने हैं। लखनऊ के गोमती नगर स्थित सिटी मांटेसरी स्कूल की श्रुति अग्रवाल और कानपुर के शेलिंग हाउस स्कूल की रोहिणी चंद्रशेखर 99 प्रतिशत लाकर संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर रहीं।
दिल्ली और एनसीआर के टॉपर के रूप गाजियाबाद के सेंट जोसेफ स्कूल के शिवम गर्ग और श्रीराम स्कूल अरावली, गुड़गांव के अंकित कंबोज को भी 98.25 प्रतिशत नंबर मिले हैं।
बेहतर रहा इस बार का प्रदर्शन आईसीएसई बोर्ड की दसवीं का नतीजा 21 मई को आने वाला है। उम्मीद की जा रही है कि सीबीएसई के भी नतीजे इस महीने के अंत तक आ जाएंगे।