एचपीयू 13 नवंबर देर शाम या 14 नवंबर को यूजी रूसा सीबीसीएस के पहले और तीसरे सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित कर देगा। विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. राजेंद्र सिंह चौहान ने परीक्षा विंग और विवि के कंप्यूटर सेंटर स्टाफ को अब तक पूरी हो चुकी करीब 90 फीसदी अवार्ड तथा इंटरनल असेसमेंट एंट्री पर ही परिणाम तैयार करने के आदेश दे दिए हैं। अभी दस फीसदी एंट्री नहीं हो सकी है, इसलिए इस बार भी परीक्षा परिणाम अधूरा ही निकालना पड़ेगा।
बुधवार को विवि के प्रति कुलपति राजेंद्र सिंह चौहान, परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल परीक्षा विंग के अधिकारियों और विवि कंप्यूटर सेंटर के इंचार्ज मुकेश शर्मा सहित संजौली कॉलेज प्राचार्य डा. जेएस नेगी के साथ बैठक कर अब तक हुई अवार्ड एंट्री के कार्य की समीक्षा की। बैठक में आम सहमति से निर्णय लिया गया कि जो एंट्री हो चुकी है, उसी पर परिणाम तैयार कर घोषित कर दिया जाए।
शेष बचे छात्रों के परिणाम को कॉलेजों के माध्यम से बाद में सेटल होगा। दस फीसदी अवार्ड न आने पर शेष छात्रों का परिणाम न रोका जाए, चूंकि ईयर सिस्टम में भी पूरे परिणाम नहीं निकल पाते थे। प्रति कुलपति ने कहा कि अवार्ड एंट्री, सही फार्म न भरे जाने, गलत विषय कोड आदि के मामलों को कॉलेजों के माध्यम से बाद में सेटल किया जा सकता है। बैठक में परीक्षा विंग के सहायक कुलसचिव नंद लाल वर्मा, एआर एग्जाम वन दीप कुमार दत्ता, डीआर हेमचंद इस दौरान मौजूद रहे।
14 नवंबर तक परीक्षा परिणाम घोषित होने पर प्रदेश भर के करीब 60 हजार यूजी छात्रों का लंबा इंतजार समाप्त होगा। हालांकि दूसरे और चौथे सत्र के परिणाम के लिए इन छात्रों को अभी कुछ माह और इंतजार करना पड़ सकता है।
विश्वविद्यालय के कॉलजों में यूजी कोर्स में सीबीसीएस को लागू करने पर पहले बैच की डिग्री 2016 में पूरी होनी है। इससे पहले ही विश्वविद्यालय को सभी परीक्षा परिणाम समय से घोषित करने की चुनौति को पूरा करना होगा।