परीक्षा में नकल करने का दोषी पाए जाने पर इंजीनियरिंग के 33 छात्रों को कॉलेज से सस्पेंड कर दिया गया है। तकनीकी विवि ने यह फैसला सुनाया है। विवि की पांच सदस्यीय कमेटी ने 18 छात्रों को एक-एक सेमेस्टर के लिए सस्पेंड किया है। जबकि, 15 प्रशिक्षु इंजीनियरों को दो सेमेस्टर के लिए बाहर किया गया है।
यह सभी 33 प्रशिक्षु इंजीनियर प्रदेश के विभिन्न इंजीनियरिंग कॉलेजों में तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर में पढ़ रहे हैं। इन्हें कॉलेज छोड़ना होगा। यूनिवर्सिटी ने जून में बीटेक, बी-फार्मेसी, एमबीए, एमसीए और एमटेक की वार्षिक परीक्षाएं करवाई थीं। इस दौरान विवि के फ्लाइंग स्कवायड ने प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों में 86 विद्यार्थियों को नकल करते पकड़ा।