हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से टेट पास अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। बोर्ड ने प्रमाण पत्र तैयार कर अभ्यर्थियों के बताए पते पर भेज दिए हैं। स्कूल शिक्षा बोर्ड से टेट पास 11707 अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र मिलने से नौकरी के लिए आवेदन करने को सहूलियत होगी।
स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 17 जनवरी को टीजीटी आर्ट्स, टीजीटी मेडिकल और नॉन मेडिकज का परिणाम घोषित किया था। 23 फरवरी को शास्त्री और जेबीटी टेट तथा 13 अप्रैल को भाषा अध्यापक टेट का परिणाम घोषित किया था। परिणाम निकलने के तीन माह बाद भी बोर्ड अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र जारी नहीं कर रहा था।
ऐसे में नए शैक्षणिक सत्र से अध्यापकों के रिक्त पदों पर आवेदन करने से ये अभ्यर्थी वंचित कर रहे थे। ‘अमर उजाला’ ने 15 अप्रैल के अंक में सर्टिफिकेट के इंतजार में टेट पास अभ्यर्थी शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके एक दिन बाद ही बोर्ड ने टेट पास अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उधर, प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड कार्यकारी सचिव बलवीर ठाकुर ने कहा कि टेट में पास अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे हैं।