जांच कमेटी ने बीकॉम फर्स्ट ईयर के अंग्रेजी के पेपर में 32 अंक के सवाल आउट ऑफ सिलेबस आने के मामले की जांच रिपोर्ट सौंप दी है। यह पेपर पंजाब यूनिवर्सिटी द्वारा 5 अप्रैल को लिया गया था।
सूत्रों के अनुसार कमेटी ने रिपोर्ट में 20 अंक के सवाल आउट ऑफ सिलेबस आने की बात कही है जिसमें लिट्रेचर का हिस्सा शामिल है। कमेटी ने सुझाव दिया है कि प्रश्न पत्र का मूल्यांकन 80 की जगर 60 अंक में से किया जाना चाहिए।
कमेटी ने सभी विद्यार्थियों को 5 से 7 ग्रेस मार्क्स देने का भी सुझाव दिया है। हालांकि इस मामले पर अंतिम फैसला पीयू के वीसी प्रो.अरुण कुमार ग्रोवर को लेना है जो वे एक-दो दिन में ले सकते हैं।
कोट
बीकॉम अंग्रेजी के पेपर की जांच रिपोर्ट बोर्ड ऑफ स्टडी ने भेज दी है। इस मामले में पीयू कुलपति की ओर से निर्देश मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।
- प्रो.परविंदर सिंह, कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन, पीयू
एचसीपी पेपर का मामला कमेटी के पास जाएगा
शनिवार को पंजाब यूनिवर्सिटी द्वारा बीए, बीएससी दूसरे वर्ष में हिस्ट्री एंड कल्चर ऑफ पंजाब के प्रश्न पत्र के फॉरमेट में बदलाव को लेकर विद्यार्थियों ने आपत्ति दर्ज की है।
पीयू कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन प्रो. परविंदर सिंह ने कहा कि उन्हें लिखित में इस बारे में कोई शिकायत नहीं आई है। लेकिन वह सोमवार को मामले की जांच के लिए कमेटी को रेफर करेंगे।
रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीयू प्रशासन के अधिकारियों ने बीकॉम कॉस्ट अकाउटिंग के पेपर को लेकर दी गई शिकायत पर विशेषज्ञों से राय ली, लेकिन इस मामले में कोई गलती नहीं पाई गई।