पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) प्रशासन ने स्कूल स्तर पर लैंग्वेज विषय का शिक्षक बनने के इच्छुक सैकड़ों युवाओं के लिए बड़ी राहत दी है। अब देश की किसी भी यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने वाले स्टूडेंट्स हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत इलेक्टिव विषय का पीयू से एडिशनल पेपर दे सकेंगे। इससे युवाओं के लिए इन विषयों में लैंग्वेज टीचर बनने की योग्यता पूरी हो सकेगी।
पीयू प्रशासन ने बुधवार को एडिशनल पेपर लेने संबंधी नोटिफिकेशन जारी कर दी है। पीयू में अभी तक दूसरी यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने वाले स्टूडेंट्स को सिर्फ पंजाबी इलेक्टिव विषय का एडिशनल पेपर देने की अनुमति थी। गौरतलब है कि अमर उजाला ने सबसे पहले इस मुद्दे को 18 दिसंबर 2013 के अंक में सिर्फ पंजाबी लैंग्वेज वालों को एडिशनल पेपर देने की अनुमति... शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी।
पीयू कैंपस स्टूडेंट काउंसिल के प्रधान दिव्यांशु और एनएसयूआई छात्र नेता मनोज लुबाना ने इस मुद्दे को कई बार पीयू के अधिकारियों के सामने उठाया। हालांकि, मामले के लिए गठित कमेटी ने फैसला लेने में एक साल से अधिक का समय लगा दिया।