सीबीएसई 12वीं के रिजल्ट में एक बार फिर बेटियों का जादू चला। चार मेन स्ट्रीम के टॉपरों में तीन पर लड़कियां आगे रही हैं। वहीं, 90 प्रतिशत से अधिक अंक लेने वालों में लड़कियां आगे हैं।
रिजल्ट में इस बार शहर के स्कूलों को कड़ी टक्कर मिली है। केवल दो स्कूलों से ही जिले के टॉपर निकले हैं। जबकि दो स्ट्रीम के टॉपरों पर खरड़ के स्कूलों ने कब्जा किया। ह्यूमेनिटीज ग्रुप में सेंट सोल्जर स्कूल की जसमीत कौर ने 93 प्रतिशत अंक लेकर पूरे जिले में टॉप किया है।
कॉमर्स ग्रुप में दून स्कूल की अपनीत कौर ने 95 प्रतिशत अंक लेकर पूरे जिले में पहला स्थान पर रहीं। मेडिकल ग्रुप में खरड़ के एनीज स्कूल के आगमजीत सिंह 95 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में पहले स्थान पर रहे।
इसी तरह एपीजे स्कूल एकता ने 94.4 प्रतिशत अंक लेकर, जिले में टॉप किया है। रिजल्ट घोषित होने के कई बच्चे अपने पेरेंट्स संग स्कूल पहुंचे। कई स्कू लों में ढोल आदि का इंतजाम तक किया गया था। वहीं, व्हाट्स एप पर भी रिजल्ट का खूब जश्न मनाया गया।
रिजल्ट देखने में आई काफी दिक्कत
विद्यार्थियों व टीचरों को सीबीएसई की वेबसाइट पर रिजल्ट देखने में भी काफी दिक्तत आई। क्योंकि इस बार सीबीएसई ने स्कूलों को लॉगिन आईडी के जरिए रिजल्ट नहीं भेजा था।
स्कूल टीचरों को एक-एक विद्यार्थी का रिजल्ट वेबसाइट से निकालना पड़ा। इस दौरान कई बार वेबसाइट हैंग हुई। इसने विद्यार्थियों की मुश्किल काफी हद तक बढ़ा दी थी।