फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीएवी में छात्रों का बवाल, पुलिस ने बरसाईं लाठियां

Sat, 31 Oct 2015 02:31 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रदेश के सबसे बड़े महाविद्यालय डीएवी पीजी कॉलेज में पिछले कुछ दिनों से चल रहे विवाद ने शुक्रवार को उग्र रूप ले लिया। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज छात्रों ने प्राचार्य कार्यालय पर हमला कर दिया। पुलिस के समझाने पर भी छात्र नहीं माने और परिसर में पत्थरबाजी कर दी।
विज्ञापन


इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर छात्रों को परिसर से खदेड़ दिया। लाठीचार्ज होते ही परिसर में अफरातफरी मच गई। घटना में कई छात्र और पुलिस कर्मी घायल हो गए। इस बीच लाठीचार्ज के विरोध में एक छात्र मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

बाद में प्राचार्य की तहरीर पर पुलिस ने छात्रसंघ अध्यक्ष और सचिव समेत आठ छात्र नेताओं के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। शांतिभंग की आशंका पर 14 अन्य छात्रों को गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन

 
डीएवी महाविद्यालय में पिछले करीब 20 दिनों से प्राचार्य और छात्रों के बीच विवाद चल रहा है। दाखिले के संबंध में शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे प्राचार्य हटाओ आंदोलन में बदल गया। इस मुद्दे पर छात्रों ने भूख हड़ताल भी की।

छात्रों का कहना है कि जांच पूरी होने तक प्राचार्य को महाविद्यालय नहीं आना चाहिए। शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे प्राचार्य डा. देवेंद्र भसीन पुलिस दल बल के साथ अपने कार्यालय पहुंचे।

प्राचार्य के ऑफिस पर छात्रों ने किया हमला

प्राचार्य के दफ्तर पहुंचते ही छात्रों ने विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने महाविद्यालय का मेन गेट बंद करवा दिया। यह देख छात्र भड़क गए और गेट तोड़कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसी बीच प्राचार्य के महाविद्यालय पहुंचने की खबर पर आर्यन संगठन के छात्र भी पहुंच गए।

उन्होंने प्राचार्य के कार्यालय पर दो तरफ से हमला बोल दिया। अफरा-तफरी मचने पर पुलिस ने किसी तरह प्राचार्य को छात्रों से बचाया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर हंगामा कर रहे छात्रों को खदेड़ा। इस दौरान अफरा-तफरी मचने से कई छात्र गिरकर घायल हो गए। चोटिल होने पर छात्रसंघ महासचिव सचिन थपलियाल को कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने मौके से विनीत प्रसाद, सचिन थपलियाल, सूरवीर सिंह चौहान, आशीष रावत, राकेश सिंह, आयुष गुप्ता, विकास नेगी, भूपेंद्र नेगी, आकाश गौड़, सूरज कोहली, अंशुल चावला, मोहन भंडारी और अंकित बिष्ट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। लेकिन देर शाम निजी मुचलके पर सभी को छोड़ दिया गया।
विज्ञापन

तीन नवंबर तक बंद रहेगा महाविद्यालय

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्राचार्य डा. देवेंद्र भसीन ने तीन नवंबर तक महाविद्यालय बंद रखने की घोषणा की। बताया कि अगले आदेश तक आंतरिक परीक्षाएं रोक दी गई हैं। हालांकि इस दौरान ऑनलाइन फार्म भरने की प्रक्रिया जारी रहेगी।

प्राचार्य के आवास पर पत्थरबाजी
लाठीचार्ज और मुकदमा दर्ज होने के बाद आक्रोशित छात्रों ने प्राचार्य डा. देवेंद्र भसीन के साकेत कॉलोनी स्थित आवास पर पत्थरबाजी की। पत्थरबाजी से उनके घर की खिड़कियों के शीशे टूट गए। इस घटना के बाद उनका पूरा परिवार दहशत में हैं।

आठ छात्रों पर मुकदमा
डालनवाला के कोतवाल अनिल जोशी ने बताया कि डीएवी महाविद्यालय के प्राचार्य डा. देवेंद्र भसीन की तहरीर पर छात्रसंघ अध्यक्ष व सचिव समेत आठ छात्र नेताओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। छात्रसंघ अध्यक्ष राकेश नेगी, महासचिव सचिन थपलियाल, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आशीष रावत, अंशुल चावला, पारस, पूर्व महासचिव भगवती प्रसाद, एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष विनीत भट्ट और दिवाकर के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, बलवा, तोड़फोड़ और गाली-गलौच एवं धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

बोले एसएसपी
छात्रों के शांतिपूर्वक आंदोलन को हमारा समर्थन है। अगर छात्र कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश करेंगे तो पुलिस कार्रवाई करेगी। किसी को भी कानून से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है। इसके लिए जो भी जरूरी होगा, किया जाएगा।
-डॉ सदानंद दाते, एसएसपी
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें