बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केन्द्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में अब सभी कक्षाओं के टॉपर्स स्टूडेंट्स को मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। अब इनसे यूनिवर्सिटी प्रशासन कोई फीस नहीं लेगा।
इसे सत्र 2014-15 से लागू कर दिया जाएगा। बीबीएयू प्रशासन के मुताबिक इससे स्टूडेंट्स में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ेगी और पढ़ाई का एक स्वस्थ माहौल बन सकेगा।
वहीं स्टूडेंट्स को नैतिक शिक्षा व समाजसेवा का पाठ भी पढ़ाया जाएगा। कोर्स में इसे शामिल करने का मकसद यह है कि स्टूडेंट्स को सामाजिक गतिविधियों से अधिक से अधिक जोड़ा जा सके।
यह सारे निर्णय शुक्रवार को हुई बीबीएयू की एकेडमिक काउंसिल की बैठक में लिए गए।
बीबीएयू के प्रवक्ता डॉ. गोविंद जी पांडेय ने बताया कि स्टूडेंट काउंसिल के गठन पर मुहर लगा दी गई है। इस वर्ष की 20 सदस्यीय स्टूडेंट काउंसिल को अप्रूव कर दिया गया है।
इसमें मॉस कम्युनिकेशन की स्टूडेंट केतकी भटनागर, रूरल डेवलपमेंट की स्टूडेंट अजीता शुक्ला, बॉयोटेक की स्टूडेंट अंकिता त्रिपाठी व फॉर्मास्यूटिकल डिपार्टमेंट की स्टूडेंट गीतिका ठाकुर सहित 20 टॉपर्स को शामिल किया गया है।
यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव की बजाए यही स्टूडेंट काउंसिल ही गठित की जाएगी। स्टूडेंट काउंसिल का चेयरमैन डीन स्टूडेंट अफेयर्स प्रो. एमवाई खान को बनाया गया है।