बीकेटी स्थित विवेकानंद लॉ कॉलेज में निर्धारित सीट से ज्यादा एडमिशन लेने पर लविवि कुलपति के आदेश पर जांच समिति का गठन किया गया है।
कॉलेज में एलएलबी में केवल 120 सीटें हैं। इसके बावजूद यहां पर इस सत्र में 300 एडमिशन हो गए हैं। जांच समिति को अपनी रिपोर्ट 15 दिनों में पेश करनी है।
विवेकानंद लॉ कॉलेज में ज्यादा एडमिशन होने का खुलासा होने के बाद कुलपति ने जांच समिति का गठन कर दिया है। जांच समिति की बागडोर प्रति कुलपति प्रो. एके सेन गुप्ता को सौंपी गई।
कॉलेज में इस साल एलएलबी पाठ्यक्रम में 300 दाखिले हुए हैं। यहां तक कि लविवि से सभी स्टूडेंट्स के परीक्षा फॉर्म तक भर दिए गए। इस समय एलएलबी की सेमेस्टर परीक्षाएं भी शुरू हो गईं।
मामला कुलपति के संज्ञान में पहुंचा तो उन्होंने तुरंत जांच समिति का गठन कर दिया। जांच समिति को इस पूरे मामले में संदिग्ध लोगों की भूमिका जांचनी है।
पकड़े गए तीन नकलची
एलएलबी परीक्षा के पहले दिन लविवि में तीन नकलची पकड़े गए। तीनों नकलचियों को उड़ाका दल ने नकल करते हुए पकड़ा।
प्रॉक्टर प्रो. मनोज दीक्षित के अनुसार तीनों स्टूडेंट्स के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और मामला यूएफएम कमेटी के सामने रखा जाएगा।