प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी ने सरकारी और निजी कॉलेजों में संचालित कोर्सों की फीस में भारी-भरकम बढ़ोतरी कर दी है। सभी कोर्सों की फीस में पांच-पांच हजार (हर सेमेस्टर) की बढ़ोतरी की है। इंजीनियरिंग, फार्मेसी, मैनेजमेंट की पढ़ाई के लिए अब विद्यार्थियों को अपनी जेब और अधिक ढीली करनी पड़ेगी। बढ़ी हुई फीस की दरें इसी सत्र से लागू की जा रही हैं।
इससे गरीब परिवारों के विद्यार्थियों पर और अधिक वित्तीय बोझ पड़ने वाला है। टेक्निकल यूनिवर्सिटी हमीरपुर के अधीन आठ सरकारी और 28 निजी क्षेत्र में इंजीनियरिंग, फार्मेसी, मैनेजमेंट के कॉलेज चल रहे हैं। इन शिक्षण संस्थानों में 60 से 70 हजार के करीब बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
हर सेमेस्टर की फीस में पांच-पांच हजार की बढ़ोतरी कर दी गई है। टेक्निकल यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. आरएल शर्मा के अनुसार नए शैक्षणिक सत्र से इंजीनियरिंग, फार्मेसी, मैनेजमेंट समेत संचालित सभी तकनीकी कोर्सों की फीस में पांच-पांच हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है।