राज्य सरकार की ओर से 23 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
इसके बावजूद 23 को कुछ विभागों को छोड़कर अधिकतर परीक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी। लविवि परीक्षा नियंत्रक प्रो. अकील अहमद ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिया है।
परीक्षा कार्यक्रम में मामूली फेरबदल किया गया है। 23 और 24 दिसंबर को अवकाश होने के कारण एमएससी एग्रीकल्चर (हार्टीकल्चर) और एमएससी एग्रीकल्चर के सेमेस्टर प्रथम और द्वितीय के परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
एमएससी एग्रीकल्चर (हार्टीकल्चर) की परीक्षा अब 26 दिसंबर को तथा एमएससी एग्रीकल्चर की परीक्षा अब 27 दिसंबर को आयोजित होगी। वहीं, पीजी पाठ्यक्रम के सेमेस्टर प्रथम के प्रैक्टिकल एग्जाम भी आगे बढ़ा दिए गए हैं।
एमएससी बॉटनी एंड माइक्रोबायोलॉजी और एमएससी प्लांट साइंस एंड एन्वार्यमेंटल साइंस के प्रथम सेमेस्टर की प्रैक्टिकल परीक्षाओं का समय भी आगे बढ़ा दिया गया है। 23 और 24 दिसंबर को होने वाली प्रैक्टिकल परीक्षाएं अब छह और सात जनवरी को होंगी।
छह जनवरी को एमएसससी बॉटनी एंड माइक्रोबायोलॉजी तथा सात जनवरी को प्लांट साइंस एंड एनवायरमेंटल साइंस प्रथम सेमेस्टर की प्रैक्टिकल परीक्षाएं होंगी। बाकी विषयों की परीक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही संपन्न होंगी।
बीपीएड की बैक पेपर इंप्रूवमेंट परीक्षाएं टलीं
लविवि ने बीपीएड की बैक पेपर-इंप्रूवमेंट परीक्षाओं की तिथि आगे बढ़ा दी है। 20 और 21 दिसंबर को होने वाली परीक्षाओं के लिए नया कार्यक्रम भी जारी कर दिया है।
नए कार्यक्रम के अनुसार 26 दिसंबर को प्रथम द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा सुबह नौ बजे से 12 बजे के बीच होगी, जबकि 27 दिसंबर को तृतीय, पंचम और छष्ठ सेमेस्टर की परीक्षाएं सुबह नौ से 12 बजे के बीच आयोजित होंगी।
बैकपेपर इंप्रूवमेंट परीक्षाफल घोषित
लविवि ने बीकॉम थर्ड इयर का बैक पेपर और इंप्रूवमेंट परीक्षाओं का परीक्षाफल जारी कर दिया है। परीक्षाफल विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। स्टूडेंट्स विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपना परीक्षा परिणाम देख सकते हैं।
हॉकी टीम का कोचिंग कैंप 20 दिसंबर से
लखनऊ विश्वविद्यालय में महिला हॉकी टीम का कोचिंग कैंप आगामी 20 दिसंबर से लगाया जाएगा। लखनऊ विश्वविद्यालय एथलेटिक्स एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी डॉ. देश दीपक के अनुसार नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी चैंम्पियनशिप के लिए महिला हॉकी टीम को प्रशिक्षित किया जाएगा। टूर्नामेंट का आयोजन कुरुक्षेत्र में होगा।