स्वच्छ भारत अभियान की मुहिम में यूपीटीयू के इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कॉलेज अब बड़ी भूमिका निभाएंगे। विवि से संबद्ध कॉलेज पांच गांवों या फिर कालोनियों को गोद लेकर एक दिवसीय स्वच्छता कार्यक्रम चलाएंगे।
वीसी प्रो. आरके खांडल ने कॉलेजों को इसे लेकर आदेश जारी किए हैं। गांवों में लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए पोस्टर जागरूकता रैली निकालने को भी कहा है। इसके लिए कॉलेजों में छात्र-छात्राओं और फैकेल्टी के ग्रुप और टीमें बनाई जाएंगी।
छात्रों के ग्रुप गांवों के साथ स्कूल और स्लम एरिया में भी स्वच्छता के लिए अवेयरनेस प्रोग्राम चलाएंगे। इसके अलावा यूपीटीयू वीसी की ओर से छात्र-छात्राओं में स्वच्छता की भावना आत्मसात करने के लिए शपथ कार्यक्रम चलाने को कहा गया है।
वहीं, छात्र-छात्राओं को अभियान से जुड़ने को प्रेरित करने के लिए कॉलेजों में निबंध प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग सहित अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित करने के लिए कहा गया है।
विवि ने गाजियाबाद के आईएमएस लालकुआं की मुहिम से प्रेरित होकर सभी कॉलेजों को आदेश जारी किए हैं। विवि से संबद्ध कॉलेजों में सबसे पहले आईएमएस लालकुआं ने इसे लेकर काम शुरू किया है।