डीयू में शुरू हो रही ऑफलाइन दाखिला प्रक्रिया अशक्त छात्रों के लिए काफी आसान होने जा रही है। दाखिले के दौरान हेल्प डेस्क ऐसे छात्रों की मदद करेगी। इन डेस्क पर एनएसएस और एनसीसी के वॉलंटियर छात्रों को हर तरह की जानकारी देंगे।
दाखिले के लिए कॉलेजों में भी अलग से काउंटर बनाए जाएंगे, जहां छात्र अपनी समस्याएं सुलझा सकेंगे। समान अवसर प्रकोष्ठ (ईओसी) के ओएसडी विपिन तिवारी ने बताया कि इस साल भी अशक्त छात्रों के लिए दाखिला प्रक्रिया को सरल बनाया जा रहा है।
ऑफलाइन फॉर्म लेने और जमा कराने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए ईओसी ने कॉलेजों के लिए अलग से गाइडलाइंस जारी की हैं। कॉलेज सेंटरों में इन छात्रों के लिए हेल्प डेस्क लगाए जाने के लिए लिखा गया है।
डॉ. तिवारी ने कहा कि दाखिला प्रक्रिया को सरल बनाने के पीछे सोच है कि अशक्त छात्र अपने को दूसरे छात्रों से अलग न समझें और उनके साथ सम्मिलित होकर उन्हीं की तरह दाखिला लें।
गाइडलाइंस के जरिये कॉलेजों को कहा गया है कि वह अपनी वेबसाइट पर एचटीएमएल फॉर्मेट रूप में दाखिले से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराएं। अशक्त छात्रों को परेशानी न हो, इसके लिए कॉलेजों को व्हील चेयर का इंतजाम करना होगा।
ईओसी ने छात्रों को भी सलाह दी है कि ट्रैफिक की परेशानियों से बचने और तेज गर्मी को देखते हुए उन्हें ऑनलाइन आवेदन ही करना चाहिए। किसी भी तरह की जानकारी के लिए 011-27662602 पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है या फिर osd@eoc.du.ac.in पर ई-मेल के जरिये जानकारी ली जा सकती है।