दिल्ली विश्वविद्यालय में नया सत्र 21 जुलाई से शुरू होने वाला है। रैगिंग को लेकर छात्र जागरूक हों, इसके लिए डीयू प्रशासन ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) से मदद मांगी है।
मेट्रो अधिकारियों से आग्रह किया गया है कि वह स्टेशन और ट्रेन के अंदर उद्घोषणा कराएं कि डीयू रैगिंग के लिए जीरो टॉलरेंस जोन है।
नए सत्र में रैगिंग को रोकने के लिए हर बार की तरह प्रशासन इस बार भी काफी सख्त है। शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों और डीयू प्रशासन की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
डीयू प्रशासन ने पुलिस अधिकारियों और डीटीसी अधिकारियों के साथ हुई प्रॉक्टोरियल बोर्ड की बैठक में रैगिंग को लेकर सख्त रवैया अपनाने का फैसला लिया।
दरअसल, रैगिंग रोकने के लिए यूजीसी ने सख्त गाइडलाइंस बनाई है। इसके तहत डीयू ने कॉलेज प्रिंसिपल को सत्र के पहले तीन माह तक साप्ताहिक रिपोर्ट कर प्रॉक्टर ऑफिस भेजने के निर्देश दिए हैं। रैगिंग के मामलों को मॉनिटर करने के लिए मोबाइल पेट्रोलिंग होती रहेगी।
पुलिस अधिकारी, प्रॉक्टोरियल बोर्ड के अधिकारी और डीन स्टूडेंट वेलफेयर डीयू एफएम स्टेशन से छात्रों को जानकारी देंगे। कॉलेजों के बाहर और डीयू कैंपस में सादे कपड़ों में महिला पुलिस की तैनाती रहेगी।
कैंपस में अन्य स्थानों के साथ ही सेंसटिव लोकेशन पर भी दिल्ली पुलिस की नजर रहेगी। कॉलेज में बाहर के व्यक्तियों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। कॉलेज हॉस्टलों में बाहर के किसी छात्र की एंट्री पर प्रतिबंध लगाया गया है।
कैंपस में मौजूद सारे फूड प्वाइंट पर भी खास नजर रहेगी। वहीं डीटीसी के सीजीएम (ऑपरेशन) को बसों में सभी हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने को कहा गया है। डीयू प्रशासन ने छात्रों को सलाह दी है कि वह कॉलेज अपने वाहन से न आएं। कॉलेज के बाहर गाड़ी लगाने से जाम की स्थिति बन सकती है।
रैगिंग होने पर यहां करें संपर्क
कॉलेजों में शिकायत पेटी की व्यवस्था
24 घंटे एंटी रैगिंग हेल्पलाइन नंबर-1800-180-5522।
नार्थ कैंपस संयुक्त कंट्रोल रुम का नंबर 27667221।
साउथ कैंपस संयुक्त कंट्रोल रुम का नंबर 24119832।
100 नंबर पर पीसीआर वैन को फोन करें।
email-proctor@du.ac.in, infocentre@du.ac.in
डीयू इन्फॉर्मेशन सेंटर केनंबरों 155215, 27006900 पर संपर्क करें।