अगर आप दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) में एमटेक डिग्री प्रोग्राम में दाखिला लेने की सोच रहे हैं तो पहले दाखिला के नियम-शर्तें ध्यान से पढ़ लें।
एमटेक में दाखिला लेने वाले छात्रों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फीस के साथ-साथ अब एक फीसदी टैक्स भी भरना होगा।
साथ ही एमटेक के मल्टीपल कोर्स में आवेदन पत्र भरने के लिए एक नहीं, बल्कि अलग-अलग आवेदन पत्र के साथ फीस भी अलग से चुकानी होगी।
यह भी पढ़ें: बड़ी राहत: सुप्रीम कोर्ट ने नर्सरी दाखिले से रोक हटाई
अभिभावकों की मांग पर केजरीवाल सरकार ने बीटेक में दाखिले के लिए राजधानी की सभी स्टेट यूनिवर्सिटी में कॉमन काउंसलिंग को हरी झंडी दी थी, लेकिन एमटेक के छात्रों को आर्थिक झटका लगने जा रहा है।
डीटीयू में एमटेक के 22 कोर्स चलते हैं और छात्र एक से अधिक कोर्स के लिए आवेदन करते हैं। छात्र को एक कोर्स में दाखिले के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फीस एक हजार रुपये और एक फीसदी टैक्स के साथ जमा करनी होगी।
इस बारे में डीटीयू की प्रवक्ता प्रो. रुचिका मल्होत्रा ने कहा कि एमटेक में दाखिले के इच्छुक छात्रों को पसंद के कोर्स में दाखिले के लिए अलग-अलग ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। अलग-अलग रजिस्ट्रेशन के साथ-साथ फीस भी अलग से देनी होगा। इसके अलावा दस फीसदी बैंक टैक्स भी अदा करना होगा।