देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज शिक्षक संघ ने रूसा के अंतर्गत क्लस्टर कॉलेजों को मिलाकर प्राइवेट यूनिवर्सिटी के गठन का विरोध किया है।
शिक्षकों को विश्वास में नहीं लिया
शिक्षकों ने कहा कि बगैर उन्हें विश्वास में लिए प्राचार्यों को इस तरह का प्रस्ताव नहीं भेजना चाहिए। गुरुवार को कॉलज के दीनदयाल उपाध्याय सभागार में हुई बैठक में शिक्षकों ने कहा कि क्लस्टर कॉलेजों से यूनिवर्सिटी का गठन शिक्षकों के भविष्य से खिलवाड़ है।
प्रदेश फेडरेशन स्तर पर यह मामला उठाया जाएगा। बैठक में अपर सचिव उच्च शिक्षा राधिका झा के दून यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा के 115 शिक्षकों को निलंबित करने के बाद डिग्री कॉलेजों के 15 शिक्षकों को निलंबित करने का टारगेट बताने की निंदा की गई।
प्रस्ताव पारित
झा को हटाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इस दौरान कॉलेज प्राचार्य द्वारा गंभीर मसलों पर शिक्षकों की रायशुमारी के बिना खुद निर्णय लेने पर भी नाराजगी जताई गई। एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. पुष्पा खंडूरी, महामंत्री डॉ. जीएस चौहान आदि मौजूद रहे।