पंजाब यूनिवर्सिटी में पहली बार छात्र काउंसिल संघ का हाईफाई शपथ ग्रहण समारोह होने जा रहा है। इसमें पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल शिरकत करने आएंगे। डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पंजाब यूनिवर्सिटी स्टूडेंट काउंसिल चुनाव की जीत को भुनाने में जुटे हैं।
इस जीत के बहाने वह 2017 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव का रास्ता तैयार करने में लगे हैं। यूथ को अपने साथ दिखाने का संदेश देने में वह कोई कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहते। शायद यही वजह है कि पीयू छात्र काउंसिल के शपथ ग्रहण समारोह में वह खुद पहुंच रहे हैं।
पहली बार काउंसिल का शपथ ग्रहण समारोह इतना हाई प्रोफाइल होगा। इससे पहले कभी इस तरह सक्रिय राजनीति से जुड़ी हस्तियों का समारोह में आना नहीं हुआ। हालांकि अभी काउंसिल शपथ ग्रहण समारोह का दिन निश्चित नहीं हुआ है, लेकिन 8 या 9 सितंबर को यह कार्यक्रम हो सकता है।
सोई की जीत के बाद पहली बार कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इससे पहले चुनाव और समारोह के बीच में कभी इतना लंबा अंतराल नहीं आया। चुनाव के दो या तीन दिन बाद ही समारोह हो जाता था, लेकिन इस बार 10 से 12 दिन बाद यह कार्यक्रम रखा इस बार सोई ने काउंसिल बियरर्स के सभी चारों पदों पर रिकॉर्ड जीत दर्ज की है।
अखंड पाठ में आएंगे मजीठिया
शपथ ग्रहण समारोह से पहले सोई 2 से 4 सितंबर तक इवनिंग डिपार्टमेंट में अखंड पाठ का आयोजन करेगी। 4 सितंबर को भोग के समय पंजाब के रेवेन्यू मिनिस्टर बिक्रम मजीठिया भी शिरकत करेंगे। बताया जा रहा है कि वह शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा भी लेंगे।
काउंसिल शपथ ग्रहण समारोह में उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल आ रहे हैं। सोई की पहली बार इतनी बड़ी जीत हुई है। इस बार समारोह भी कुछ अलग अंदाज का होगा। 2 से 4 सितंबर तक अखंड पाठ भी करवाया जा रहा है।
-विक्की मिड्डु खेड़ा, स्टेट प्रेसिडेंट, सोई