आपदा प्रभावित क्षेत्रों के राजकीय महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को आर्थिक मदद के रूप में एक-एक हजार रुपये की राशि दी जाएगी। इसके लिए शासन ने डेढ़ करोड़ की राशि उच्चशिक्षा निदेशालय को आवंटित कर दी है।
जून में आई आपदा से गढ़वाल मंडल में काफी नुकसान हुआ था, जबकि कुमाऊं के पिथौरागढ़ जिले में सर्वाधिक क्षति हुई है। आपदा की वजह से राजकीय महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भी प्रभावित हुए हैं। शासन ने उच्चशिक्षा में अध्ययनरत आपदा प्रभावित राजकीय डिग्री कालेजों के छात्र-छात्राओं को सांकेतिक सहायता के रूप में एक-एक हजार रुपये देने का निर्णय लिया था। इस संबंध में उच्चशिक्षा निदेशालय से आपदा प्रभावित राजकीय महाविद्यालयों और उनमें अध्ययनरत विद्यार्थियों की सूची मांगी थी।
ये महाविद्यालय शामिल
इसमें कुमाऊं के राजकीय महाविद्यालय पिथौरागढ़ के 6256, बलुवाकोट कालेज के 629 तथा गढ़वाल मंडल के मुनस्यारी कालेज के 456, गोपेश्वर कालेज के 3279, जोशीमठ कालेज के 317, तलवाड़ी कालेज के 390, विधि महाविद्यालय गोपेश्वर के 50, कर्णप्रयाग कालेज के 1805, अगस्त्यमुनि कालेज के 3260, रुद्रप्रयाग कालेज के 36, गुप्तकाशी कालेज के 10, उत्तरकाशी कालेज के 3324, बड़कोट कालेज के 539, पुरौला कालेज के 116, देवप्रयाग कालेज के 194, नैनबाग कालेज के 305 और लम्बगांव महाविद्यालय के 237 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
उच्चशिक्षा निदेशालय के मुताबिक शासन से राशि मिल गई है, जिसे वितरित करने के लिए प्रभावित महाविद्यालयों के प्राचार्यों को भेजा जा रहा है।
खबर पर राय देने के लिए क्लिक करें