डीएवी कॉलेज में सीमित संसाधन और कक्षों के अभाव से क्लास रूम तक न पहुंच पाने वाले हजारों छात्रों के लिए अच्छी खबर है।
कॉलेज में नए कमरे बनाने के साथ ही विभिन्न विषयों के लेक्चर कॉलेज की वेबसाइट पर अपलोड करने की तैयारी चल रही है। इससे क्लास न कर पाने की स्थिति में छात्र घर बैठे भी लेक्चर ले सकेंगे।
हाईटेक बनेगी क्लास
डीएवी में 18 नए कक्षों का निर्माण होना है, जिसे प्रबंधन ने हरी झंडी दे दी है। अब कॉलेज प्रशासन इसका प्रपोजल तैयार कर रहा है।
इसमें वर्तमान और भविष्य के तकनीकी दौर को भी ध्यान में रखा जा रहा है। इसके तहत इन कक्षों को हाईटेक बनाने की योजना है।
छात्रों की एंट्री बायोमेट्रिक सिस्टम से की जाएगी। हर कक्ष में एक मशीन लगेगी, जिस पर छात्र की उपस्थिति दर्ज होगी।
कैमरे और माइक लगेंगे
इसके अलावा हर कक्ष को अत्याधुनिक बनाने के लिए कैमरे और माइक से लैस किया जाएगा। शिक्षक के लेक्चर की पूरी रिकॉर्डिंग बाद में छात्र न केवल प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि कॉलेज की वेबसाइट से डाउनलोड भी कर सकेंगे।
हालांकि अभी यह योजना केवल प्रपोजल तक ही है। उम्मीद जताई जा रही है कि भविष्य में यह योजना डीएवी को आधुनिकता में ढाल देगी। इसका फायदा छात्रों को कक्षा में न आ पाने पर भी मिलेगा।