देहरादून के डीएवी महाविद्यालय के चुनाव शांति के साथ निपटे, इसके लिए पुलिस की ओर से पूरी तैयारी हो गई है। इस बार पुलिस उपद्रवी छात्रों को बख्शने के मूड में नहीं है।
लगभग एक माह पूर्व ही एक कंपनी पीएसी को डीएवी परिसर में तैनात कर दिया गया है। इसके साथ ही प्राचार्य के साथ ही दो अन्य अधिकारियों को गनर दिया जा रहा है।
पुलिस ने तैयार की रणनीति
डीएवी महाविद्यालय के चुनाव पांच या छह सितंबर को प्रस्तावित है। इसके लिए छात्रनेताओं ने जहां पूरी बिसात बिछा ली है वहीं डीएवी के चुनावी इतिहास को देखते हुए पुलिस ने भी रणनीति तैयार कर ली है।
एसपी सिटी डा. जगदीश चंद्र ने बताया मंगलवार को डीएवी परिसर में एक कंपनी पीएसी तैनात कर दी गई। इसके साथ ही दो टीमें क्यूआरटी (क्वीक रिस्पांस टीम) भी तैनात की जाएगी।
एलआईयू रखेगा नजर
इसके अलावा आठ कांस्टेबल, दो दारोगा व एलआईयू के जवान भी तैनात किए जाएंगे। एलआईयू के जवान पल-पल की जानकारी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को देंगे।
नहीं बचेंगे उपद्रवी छात्र
वहीं शनिवार को डीएवी कॉलेज प्रशासन व पुलिस अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद एसएसपी केवल खुराना ने प्राचार्य, प्रोक्टर व चुनाव अधिकारी को एक गनर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
तीनों के लिए गनर की तैनाती 24 अगस्त से होगी। एसएसपी केवल खुराना ने बताया चुनाव के दौरान अगर कोई छात्र संदिग्ध गतिविधि या उपद्रव करते पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ा कदम उठाया जाएगा।