स्कूली स्तर पर ही साइंस के प्रति बच्चों के रुझान के लिए वीरवार से सेक्टर-10 स्थित डीएवी कालेज में 5 दिवसीय इंस्पॉयर इंटरनशिप कैंप-2014 का उद्घाटन होगा।
2 से 6 जनवरी तक चलने वाले कैंप में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों से 10 वीं में 10 सीजीपीए हासिल करने वाले विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है।
पांच दिन तक स्कूलों के भावी साइंटिस्ट को देश भर से साइंस में बेहतरीन शोध करने वाले विशेषज्ञ कैरियर और शोध को लेकर बच्चों को टिप्स देंगे।
डीएवी कालेज और डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी(डीएसटी) के सहयोग से आयोजित इस खास कैंप के लिए बुधवार देर शाम तक तैयारियों का दौर जारी था।
कैंप की को-कॉर्डिनेटर और डीएवी कालेज में जुलॉजी विभाग में सीनियर असिस्टेंट प्रोफेसर मंजू दीवान ने बताया कि 310 के करीब विद्यार्थियों के कैंप में हिस्सा लेने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि लड़के और लड़कियों के लिए पांच दिन तक रहने का पूरा इंतजाम किया गया है। उन्होंने बताया कि कैंप का उद्घाटन वीरवार सुबह 9 बजे हवन और 10 बजे पीयू कुलपति प्रो.अरुण कुमार ग्रोवर के लेक्चर से होगा।
पांच दिन तक विद्यार्थियों को सुबह 9 से शाम 8 बजे तक विभिन्न सेशन के तहत नामी हस्तियों से रूबरू होने का मौका दिया जाएगा। विद्यार्थियों को लैंब में भी एक्सपेरिमेंट कराए जाएंगे।
विद्यार्थियों के लिए पांच दिन तक विभिन्न क्विज के अलावा उन्हें चंडीगढ़ के कुछ जगहों की सैर भी कराई जाएगी। पंजाब यूनिवर्सिटी के अलावा नाइपर, पेक और अन्य शोध संस्थानों के एक्सपर्ट भी कैंप में बच्चों के सवालों के जवाब देंगे।
मंजू ने बताया कैंप को लेकर विद्यार्थियों में जबर्दस्त उत्साह है। उधर, डीएवी कालेज प्रिंसिपल और कैंप चीफ को-ऑर्डिनेटर डा. बीसी जोसन ने कहा कि स्कूली बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए डीएसटी का यह बेहतरीन कार्यक्रम है। इससे प्रतिभाशाली बच्चों को कैरियर की नई राह मिलेगी।
पीयू कुलपति प्रो.अरुण ग्रोवर करेंगे शिरकत
10 बजे पीयू कुलपति प्रो.अरुण कुमार ग्रोवर के लेक्चर से शुरुआत होगी। दिन भर में डीएवी मैनेजमेंट कमेटी की डायरेक्टर(पीएस-3) निशा पसीन, डा. जसबीर सिंह, डा.जीएस सोही के लेक्चर भी होंगे। कैंप को लेकर किसी भी तरह की जानकारी को-ऑर्डिनेटर डा. मंजू दीवान से हेल्पलाइन नंबर 9646512128 पर संपर्क किया जा सकता है।