यूपी बोर्ड द्वारा जारी केंद्र नीति के अनुसार आठ नवंबर तक परीक्षा केंद्रों का निर्धारण होना चाहिए था। पर अभी तक परीक्षा केंद्र बनाने के लिए आए सभी कॉलेजों का स्थलीय निरीक्षण ही नहीं हो पाया है।
16 नवंबर को प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची भी जारी करनी है। ऐसे में नियत तारीख तक परीक्षा केंद्रों का निर्धारण हो पाएगा, इसमें संशय है।
मालूम हो कि परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति को 16 नवंबर को बैठक करके प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की घोषणा करके बोर्ड को भेजनी है। पर राजधानी में परीक्षा केंद्र निर्धारण का कार्यक्रम तय समय के मुकाबले देरी से चल रहा है।
29 अक्तूबर के बजाय कॉलेजों ने एक नवंबर तक परीक्षा केंद्रों के लिए आवेदन किया। वहीं, परीक्षा केंद्र बनाने के लिए सभी कॉलेजों को अपना ब्यौरा उपलब्ध कराने को कहा गया था।
बावजूद 687 में से केवल 101 कॉलेजों ने ब्यौरा देते हुए आवेदन किया। उधर, स्थलीय निरीक्षण में कॉलेज के दावों की पोल भी खुली है, लेकिन फिलहाल स्थलीय जांच की पूरी रिपोर्ट नहीं मिल पाई हैं।