राजधानी देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रा ने एक छात्र पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया तो साथी छात्रों ने आरोपी की पिटाई कर डाली। मामला दिनभर चर्चाओं में रहा और शाम को डालनवाला थाने में समझौता हो गया।
डीएवी कॉलेज में सोमवार को दोपहर बीएससी की एक छात्रा ने एनसीसी विभाग के सामने एक छात्र पर छेड़छाड़ व गाली गलौच करने का आरोप लगाया। छात्रा के साथी कुछ छात्रों ने गुस्से में आरोपी छात्र की जमकर धुनाई कर दी। मामला कालेज स्थित पुलिस चौकी तक पहुंचा।
छात्रा ने यहां आरोपी के खिलाफ तहरीर दे दी। चौकी में काफी देर तक छात्र नेता छात्रा को तहरीर वापस लेने का दबाव बनाते रहे लेकिन छात्रा मानने को तैयार नहीं थी। कई घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी छात्र को थाना डालनवाला भेज दिया गया। यहां देर शाम दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।