केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के स्कूल में 9वीं और 11वीं के छात्रों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 25 अगस्त से शुरू होगी।
स्कूल 30 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं जबकि लेट फीस के साथ 30 अक्तूबर तक पंजीकरण कराया जा सकता है। स्कूलों को बोर्ड की वेबसाइट पर बच्चों का डाटा सही तरीके से भरने और अपलोड करने को कहा गया है।
बोर्ड हर साल 10वीं और 12वीं की परीक्षा के लिए छात्रों की सही स्थिति का पता लगाने के लिए 9वीं और 11वीं स्तर के बच्चों का ब्यौरा स्कूल से लेता है। इस प्रक्रिया के आधार पर ही 10वीं व 12वीं का रजिस्ट्रेशन होता है।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 30 अक्तूबर तक पूरी होनी है। बिना लेट फीस के स्कूलों को 30 सितंबर तक का समय दिया गया है। जिसके तहत प्रत्येक छात्र के लिए 200 रुपये का भुगतान करना है।
इसके बाद 10 अक्तूबर तक पंजीकरण कराने पर 10 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे जो 20 अक्तूबर तक चुकाने पर 20 रुपये हो जाएंगे। उसके बाद रजिस्ट्रेशन कराने पर राशि बढ़कर 30 रुपये हो जाएगी, यानी 200 रुपये का पंजीकरण शुल्क बढ़कर 230 रुपये हो जाएगा।