प्रदेश के शीतकालीन परीक्षा केंद्रों में डाइट टीम नकल को रोकेगी। डाइट की मॉनीटरिंग टीम परीक्षा केंद्रों में दबिश देकर जांच करेगी। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रारंभिक शिक्षा निदेशक आरके परुथी और परियोजना निदेशक घनश्याम चंद ने निर्देश जारी किए हैं। प्रदेश में 18 नवंबर से शीतकालीन स्कूलों की पहली से चौथी, छठी और सातवीं कक्षाओं की परीक्षाएं होनी हैं। अलग से केंद्र नहीं बनाए गए हैं।
दुर्गम परीक्षा केंद्रों में नकल की रोकथाम के लिए बीईओ भी दबिश देंगे। केंद्र में हर प्रकार की गतिविधियों पर निगरानी रखेंगे। नकल का मामला रिपोर्ट होने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। नकल में संलिप्त पाए जाने पर अध्यापक पर भी कार्रवाई होगी। प्रारंभिक कक्षाओं की परीक्षाओं में नकल रोकने को प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक भी दबिश देंगे और नकल के मामलों पर कार्रवाई करेंगे।