चंडीगढ़ संगीत नाटक अकादमी अब थिएटर के लिए कलाकारों की नई खेप तैयार करने जा रही है। इसी मुहिम के लिए ट्रेंड किए जा रहे हैं 31 एक्सपर्ट्स। जिनको स्कूलों में भेजकर उनके माध्यम से करीब चालीस बच्चों की वर्कशाप लगाई जाएगी।
चंडीगढ़ संगीत नाटक अकादमी द्वारा सेक्टर-34 स्थित अकादमी के कार्यालय में शुरू की गई इस वर्कशाप में 31 युवाओं को ट्रेंड किया जा रहा है। यह वर्कशाप 19 अप्रैल तक रोजाना सुबह दो बजे से नौ बजे तक चलेगी।
इन युवाओं को ट्रेनिंग देने के लिए थिएटर आर्टिस्ट और डायरेक्टर वीके और उनकी पत्नी किरन शर्मा आए हैं। वीके ने बताया कि वर्कशाप में युवाओं के विचारों को एक्सप्लोर करना है। उन्होंने कहा कि 31 युवाओं में हरेक अलग प्रकार का है। पहले फेज में हरेक युवा के विचारों की जानकारी और उनकी क्रिएटिविटी को देखा जाएगा। इसके बाद उनको बच्चों को ट्रेनिंग देने के सरल और सहज ढंग बताए जाएंगे।
सीएनएसए के डायरेक्टर गुरचरण सिंह चन्नी ने कहा कि चिल्ड्रेन थिएटर ट्रेनिंग वर्कशाप का उद्देश्य बच्चों के लिए जगह बनाने का एक गुर है। कई जगह ऐसा देखा गया है कि माता पिता बच्चों को समय नहीं दे पाते। उनको काम करने के लिए कहते जरूर हैं, डांटते हैं। डांटने की अपेक्षा यदि बच्चों को क्रिएटिव बनाया जाए तो बेहतर होगा। इसीलिए वर्कशाप में ऐसे डायरेक्टर तैयार किए जा रहे हैं जो बच्चों की रुचि को समझें और उनको ट्रेंड करें।