एमबीबीएस में दाखिले की उम्मीद लगाए बैठे छात्रों के लिए एक और मौका आया है। चिकित्सा शिक्षा विभाग वेटिंग सूची के आधार पर 20 सितंबर को एमबीबीएस और बीडीएस के लिए तृतीय काउंसिलिंग आयोजित करेगा।
निदेशक चिकित्सा शिक्षा डा. आरपी भट्ट ने बताया कि पांच सितंबर को हुई द्वितीय काउंसिलिंग के बाद बचे छात्रों की एक प्रतीक्षा सूची तैयार की गई थी।
सूची के आधार पर काउंसिलिंग
इस सूची के आधार पर काउंसिलिंग होगी। 20 सितंबर को सुबह पहले छात्रों को अपना नाम दर्ज कराना होगा, इसके बाद उन्हें दोपहर तक सीटें आवंटित कर दी जाएंगी।
एमबीबीएस के लिए प्रदेश में 13 सीटें बची हैं जबकि बीडीएस में सीमा डेंटल कॉलेज व हिमालया कालेज में सीटें फुल हो चुकी हैं। केवल उत्तरांचल डेंटल कॉलेज में बची बीडीएस की तीन सीटों को काउंसिलिंग में शामिल किया जाएगा।
सीटों का विवरण
सुशीला तिवारी मेडिकल कालेज, हल्द्वानी (एमबीबीएस) : 5 सीट(सामान्य श्रेणी), 1 सीट(सामान्य महिला) और 1 सीट(एससी श्रेणी)।
वीर चंद्र सिंह गढ़वाली मेडिकल कालेज, श्रीनगर (एमबीबीएस) : 5 सीट(सामान्य श्रेणी), 1 सीट(एससी श्रेणी)।
उत्तरांचल डेंटल कालेज (बीडीएस) : 3 सीटें।