केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं सोमवार से शुरू होने जा रही हैं। दून में दोनों परीक्षाओं में करीब 20 हजार छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
नकलविहीन परीक्षा के लिए पूरे इंतजामात किए गए हैं। दसवीं के बोर्ड पैटर्न में करीब 3700 और 12वीं में करीब 15500 छात्र परीक्षा देंगे। प्रदेश में परीक्षा के लिए कुल 79 केंद्र बनाए गए हैं।
सीबीएसई की काउंसलर डा. सोना कौशल का कहना है कि अंतिम समय पर नए टॉपिक्स पढ़ने के बजाए रिविजन पर ध्यान दें। हल्का नाश्ता करके जरूर परीक्षा देने जाएं। ऐसे मित्रों से दूर रहें, जो तनाव दे सकते हैं। परीक्षा से जुड़े पेन पेंसिल, एडमिट कार्ड आदि रात को ही तैयार करके रख लें, ताकि सुबह परेशानी न हो।
पेपर मिलने के बाद सबसे पहले उसे चेक करें। सबसे पहले उन सवालों को हल करें जो कि बेहतर आते हों। उत्तर लिखते वक्त ख्याल रखें कि सवाल कितने अंकों का है।
ज्यादा अंक वाले के लिए ज्यादा और कम अंक वाले के लिए कम, लेकिन ठोस लिखें। पेपर हल करने के बाद न तो बाहर और न ही घर में उस पर कोई भी चर्चा या कैलकुलेशन करें।