सीबीएसई बोर्ड 12वीं का रिजल्ट भले ही 75 प्रतिशत गया हो लेकिन राजधानी के स्कूलों का रिपोर्ट कार्ड अच्छा रहा।
90 प्रतिशत से ज्यादा नंबर लाने वाले स्टूडेंट्स की संख्या में इस बार काफी इजाफा हो गया।
टॉपर के पासिंग परसेंटेज में भी लखनऊ ने पिछले साल का रिकॉर्ड बेहतर किया है।
इस बार राजधानी की कृति सप्रा ने 98.2 प्रतिशत अंक हासिल किए जबकि बीते साल सिटी टॉपर ने 97.4 प्रतिशत अंक हासिल किए थे।
आरएलबी ने भी किया सुधार
आरएलबी की प्रिंसिपल निर्मल टंडन के अनुसार इस साल 90 प्रतिशत से ज्यादा नंबर लाने वाले स्टूडेंट्स ने खासा सुधार किया है। आरएलबी स्कूल में ही पिछले साल पिछले साल 119 स्टूडेंट्स ने 90 प्रतिशत से ज्यादा नंबर हासिल किए थे।
इस बार 90 प्रतिशत से ज्यादा नंबर लाने वाले स्टूडेंट्स की संख्या 211 पहुंच गई।
यहां के 54 बच्चों ने स्कोर किया 90%
स्टडी हॉल की प्रिंसिपल शालिनी सिन्हा ने बताया कि उनके यहां इस साल 54 स्टूडेंट्स ने 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल किए हैं। यह संख्या पिछले साल के मुकाबले 40 फीसदी ज्यादा है।
लायला पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर श्रुति सिंह के अनुसार कॉलेज में पिछले साल एक भी छात्रा को 90 प्रतिशत से ज्यादा नंबर हासिल नहीं हुए थे।
इस बार कॉलेज में चार छात्राओं ने 90 प्रतिशत से ज्यादा नंबर हासिल करने में सफलता पाई है।
शहर के बाकी कॉलेजों में भी इस बार 90 फीसदी से ज्यादा संख्या लाने वाले स्टूडेंट्स की संख्या में काफी सुधार हुआ है।