ट्राइसिटी के होनहारों ने कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) में इस साल भी शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, पिछले सालों की तुलना में इस साल ट्राइसिटी का कोई छात्र 100 परसेंटाइल हासिल कर ऑल इंडिया टॉपर्स की सूची में जगह नहीं बना सका।
ट्राइसिटी के लगभग 40 विद्यार्थी 99 परसेंटाइल या इससे ज्यादा लेने में सफल रहे। आईटी पार्क में एक नामी कंपनी में नौकरी कर रहे गगनदीप सिंह पन्नू ने 99.97 परसेंटाइल लेकर ट्राइसिटी में पहला स्थान हासिल किया।
ट्राइसिटी के 90 से अधिक छात्रों ने कैट का पहला चरण क्लीयर कर लिया है। इनमें छात्राओं की संख्या 30 फीसदी है। मंगलवार को घोषित कैट परिणाम में ट्राइसिटी की लड़कियों का रिजल्ट पिछले सालों की अपेक्षा काफी बेहतर रहा।
पिछले साल आईआईटी, रोपड़ के फाइनल ईयर के छात्र और पंचकूला निवासी अंशुल गर्ग ने 100 परसेंटाइल हासिल कर देश भर के टॉपर्स की सूची में अपना नाम शामिल कराया था।
कैट का परिणाम घोषित होने के कुछ ही घंटों पर वेबसाइट पर ज्यादा लोड बढ़ने से छात्रों को परिणाम जानने में भी दिक्कत आई।
मंगलवार रात तक सिर्फ आईआईएम, अहमदाबाद के ही परिणाम घोषित हुए है। बाकी, आईआईएम भी एक दो दिन में रिजल्ट आउट कर देंगे।
उम्मीद है कि ट्राइसिटी के 90 से ज्यादा छात्रों को एक से अधिक आईआईएम से ग्रुप डिस्कशन (जीडी) और पर्सनल इंटरव्यू (पीआई) के लिए कॉल आएगी।
चंडीगढ़ के सेक्टर-8 स्थित बुल्स आई के सेंटर हेड हृदेश मदान ने बताया पिछले सालों के मुकाबले में इस साल का परिणाम बेहतर रहा है। छात्राओं का प्रदर्शन पिछले सालों से बेहतर रहा है। कैट क्लीयर करने वालों में इंजीनियर्स की संख्या अधिक है।
कैट में इस साल 99 परसेंटाइल या इससे अधिक हासिल करने वालों में गगनदीप सिंह पन्नू (99.97), प्रियंक सूद (99.94), अंशुमन खोसला (99.78), सुरभि गुप्ता (99.7), अभिषेक जिंदल (99.56), जतिन कौरा (99.52), प्रशांत अनेजा (99.49), गुरशील सिंह साहनी (99.32), सुमित बेदी (99.24), दामिनी गोयल (99.09), आकांक्षा सेठी (99.09), गौतम बंसल (99.04), दृष्टि गोयल (98.98) हैं।