प्रदेश के बीएड कॉलेजों में दाखिले के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) के लिए जिले में पांच केंद्र बनाए गए हैं। नोएडा में एक और ग्रेटर नोएडा में चार केंद्रों पर दो शिफ्ट में परीक्षा होगी, जिसमें 3500 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
इस साल बीएड के लिए जिले में अभ्यर्थियों की संख्या में 20 फीसदी से ज्यादा इजाफा हुआ है। पिछले साल 2749 छात्रों ने बीएड के लिए आवेदन किया था।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए एसडीएम सेंटर प्रतिनिधि बनाए गए हैं, जिनकी निगरानी में सभी केंद्रों पर प्रश्नपत्र पहुंचेंगे। हर केंद्र पर दो पर्यवेक्षक मौजूद रहेंगे। दो शिफ्ट में होने वाली जेईई के लिए प्रशासन स्तर पर तैयारी की जा रही है।
बीएड-जेईई के लिए सेक्टर-39 स्थित गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, ग्रेटर नोएडा स्थित मंगलमय इंस्टीट्यूट, नोएडा कॉलेज ऑफ फिजिकल एजूकेशन और दादारी स्थित एमबी डिग्री कॉलेज व एमबी इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
परीक्षा में अभ्यर्थियों से उनके अंगूठे का निशान लिया जाएगा, जिसे आवेदन फॉर्म में दिए गए निशान से मिलान कर छात्रों को काउंसलिंग में शामिल किया जाएगा। दो जून को रिजल्ट आने के बाद सात जून से काउंसलिंग शुरू होकर दो जुलाई तक चलेगी।
पांच जुलाई दाखिले की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। जेईई के आधार पर नोएडा-ग्रेटर नोएडा के 25 कॉलेजों की 3800 सीटों पर बीएड के दाखिले होंगे।
दो शिफ्ट में होगी परीक्षा
बीएड जेईई 20 मई को 8 से 11 बजे और 1 से 4 बजे की शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट में सामान्य ज्ञान और अंग्रेजी/हिंदी भाषा में से कोई एक का 200 अंकों का पेपर होगा। दूसरी शिफ्ट में एप्टीट्यूड टेस्ट और आर्ट्स/साइंस/कॉमर्स/एग्रीकल्चर (सब्जेक्ट) का 200 अंकों का पेपर होगा।
पिछली काउंसलिंग के आधार पर बीएड सीटों की स्थिति
प्रदेश में कुल कॉलेज- 1021
कुल सीट- 1 लाख 13 हजार 392
सरकारी कॉलेज- 4 (316 सीट)
अनुदानित कॉलेज- 50 (7996 सीट)
निजी कॉलेज- 967 (1 लाख 5 हजार सीट)