एचपीयू की प्रवेश परीक्षा शाखा ने विवि से संबद्ध मेडिकल और बीडीएस संस्थानों में एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में नए सत्र में प्रवेश को ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। एआईपीएमटी-2015 की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्र www.hpuniv.in पर आवेदन करें। अंतिम तारीख 20 अगस्त है।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्यामलाल कौशल ने कहा कि दोनों पाठ्यक्रमों में शैक्षणिक सत्र 2015-16 के लिए प्रदेश के दो सरकारी आयुर्विज्ञान महाविद्यालयों एक राजकीय दंत महाविद्यालय और चार निजी दंत महाविद्यालयों में राज्य और प्रबंधकीय कोटे की सीटें भरी जानी हैं। एआईपीएमटी-2015 उत्तीर्ण करने वाले बीस अगस्त तक आवेदन करें। आवेदन से संबंधित हर पात्रता शर्त प्रोस्पेक्टस में दी गई है।
सामान्य और अन्य श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए 1200 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को छह सौ रुपये शुल्क देना होगा। विश्वविद्यालय 25 अगस्त तक मेरिट जारी करेगा। उसी के मुताबिक 27 से 29 अगस्त तक विवि में काउंसलिंग होगी।
अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन की हार्ड कॉपी सभी दस्तावेजों के साथ उप कुलसचिव प्रवेश परीक्षा शाखा एचपीयू को भेजनी होगी। यह 23 अगस्त तक कार्यालय में पहुंच जानी चाहिए। अधिक जानकारी के लिए प्रवेश परीक्षा शाखा के टेलीफोन 0177-2830891, 2833588 पर संपर्क किया जा सकता है।