दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2015-16 के अंतर्गत एमबीबीएस और बीडीएस में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई।
फैकल्टी ऑफ मेडिकल साइंस के जरिये शुरू हुई इस प्रक्रिया के तहत 12 जून तक आवेदन किया जा सकता है। इसमें आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों का 11वीं और 12वीं दिल्ली में पढ़ा होना जरूरी है। डीयू के 85 फीसदी कोटा के तहत इन कोर्सेज में दाखिले होंगे।
सीबीएसई की ओर से आयोजित किए गए ऑल इंडिया प्री मेडिकल और प्री डेंटल टेस्ट के जरिये ही सीटों को भरा जाएगा।
इसके लिए अलग से प्रवेश परीक्षा नहीं होगी। सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थी कार्य दिवसों पर सुबह 9:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक 750 रुपये के बैंक ड्राफ्ट के जरिये आवेदन कर सकते हैं।
जबकि एससी-एसटी और पीडब्ल्यूडी वर्ग के उम्मीदवारों को 550 रुपये का भुगतान करना होगा। व्यक्तिगत रुप के अलावा फॉर्म को www.fmsc.ac.in से भी डाउनलोड करके भरा जा सकता है। आवेदन पत्र को वीपी चेस्ट इंस्टीट्यूट बिल्डिंग में ज्वाइंट रजिस्ट्रार के कार्यालय में जमा कराना होगा।