पंजाब यूनिवर्सिटी(पीयू) के भावी इंजीनियर के वार्षिक फेस्ट गूंज-2014 के तहत आज शाम को म्यूजिकल नाइट होगी, जिसमें सिंगर एमी विर्क लाइव परफॉर्म करेंगे।
पीयू के सेक्टर-25 साउथ कैंपस स्थित यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी(यूआईईटी) में शुरू हुए तीन दिवसीय फेस्ट के पहले दिन टैलेंट हंट, स्पीक आउट, पजल सॉल्व, आईपीएल ऑक्शन, आरजे हंट और देर शाम डीजे वार का आयोजन किया गया।
ट्राइसिटी और साथ लगते राज्यों के 100 से अधिक इंजीनियरिंग कालेज के 2 हजार से अधिक युवा फेस्ट में हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिन तक गूंज में 80 से अधिक टैलेंट हंट, फन गेम्स के अलावा कल्चरल, लिट्रेरी और टेक्निकल इवेंट आयोजित किए जाएंगे।
फेस्ट के उद्घाटन मौके पर यूआईईटी डायरेक्टर प्रो.रेणू विज ने बताया कि गूंज पिछले कई सालों से इंजीनियरिंग स्टूडेंट का सालाना फेस्ट है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ युवाओं के दूसरे टैलेंट को परखने के लिए यह प्लेटफार्म काफी अच्छा है।
भावी इंजीनियर का बेटियों को बचाने का अभियान
बेशक गूंज भावी इंजीनियर का फेस्ट है, लेकिन फेस्ट में बेटियों को बचाने और महिलाओं के प्रति सम्मान को लेकर शुक्रवार को विशेष सिग्नेचर अभियान भी चलाया गया।
सैकड़ों युवाओं ने इस अभियान में हिस्सा लिया पोस्टर के माध्यम से महिला के जीवन काल के पूरे चक्र को बेहतरीन ढंग से दिखाया गया। महिलाओं को फोकस कर कई अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।