लखनऊ विश्वविद्यालय में स्टूडेंट्स को जल्द ही अमेरिका की संस्कृति, इतिहास, समाज, साहित्य, सोच, पॉलिसी और राजनीति के बारे में पढ़ने को मिलेगा।
विश्वविद्यालय का इंग्लिश विभाग इसी सत्र से अपने यहां आठ सर्टिफिकेट और डिप्लोमा प्रोग्राम शुरू करने की तैयारी में है। इन सभी कोर्सेज को बोर्ड ऑफ स्टडीज से अप्रूवल मिल चुका है।
इन नए प्रोग्राम में प्रोफिशिएंसी इन इंग्लिश लैंग्वेज, प्रोफिशिएंसी इन प्रोफेशनल कॉम्युनिकेशन, जर्नलिज्म इन इंग्लिश, सॉफ्ट स्किल्स एंड पर्सनैलिटी डवलपमेंट, क्रिएटिव राइटिंग इन इंग्लिश, थियेटर एंड फिल्म स्टडीज के सर्टिफिकेट प्रोग्राम के साथ अमेरिकन स्टडीज का सर्टिफिकेट और डिप्लोमा प्रोग्राम शामिल है।
अंग्रेजी विभाग की अध्यक्ष प्रो. निशि पांडेय ने बताया कि अमेरिकन स्टडीज का सिलेबस देश के विभिन्न शिक्षाविदों ने मिलकर बनाया है। साथ ही स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी की प्रो. शैली फिशर फिशकिन ने भी इसे बनाने में सहयोग दिया है। इसके लिए वह भारत आई थीं।
कोर्स के लिए अमेरिकन एम्बेसी ने फंडिंग भी की। प्रो. निशि के अनुसार इस कोर्स का लाभ बहुत-से लोगों को मिलेगा। उदाहरण के लिए कोई व्यक्ति यहां से अमेरिका जा रहा है लेकिन वहां के बारे में कुछ नहीं जानता तो इस कोर्स से उसे अहम जानकारी मिलेगी।
कोई छात्र यहां से अमेरिका पढ़ने जाना चाहता है तो भी ये कोर्स उसकी मदद करेगा। इसके अलावा अगर कोई अमेरिका में अपना व्यापार बढ़ाना चाहता है तो उसके लिए भी यह कोर्स लाभकारी होगा।