हिमाचल के नंबर वन समाचार पत्र अमर उजाला का ‘मेधावी छात्र सम्मान समारोह - 2015’ एक जुलाई को होटल पीटरहॉफ शिमला में होगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह इस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
समारोह में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं और 12वीं की मेरिट सूची में शामिल छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे। इसके अलावा शिमला शहर के स्कूलों के टॉपर बच्चे भी पुरस्कृत किए जाएंगे।
इस समारोह में सौ से ज्यादा मेधावी बच्चों को प्रमाणपत्र और मेडल से नवाजा जाएगा। कार्यक्रम सुबह दस बजे शुरू होगा। हिमाचल प्रदेश के होनहार बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए अमर उजाला यह भव्य समारोह हर साल आयोजित करता है।
अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री के अलावा राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविदें समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।