बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय में अब छात्र पढ़ाई के साथ-साथ कमाई भी कर सकेंगे। अर्न व्हइल यू लर्न स्कीम के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को मदद मिलेगी।
इसके तहत छात्रों से लाइब्रेरी, डिपार्टमेंट में लिखा-पढ़ी, प्रोजेक्ट्स व व्यवस्था से संबंधित कार्यों में मदद ली जाएगी। बीबीएयू प्रशासन ने इसके लिए एक आठ सदस्यीय कमेटी का भी गठन कर दिया है।
अब यह कमेटी बताएगी कि कौन-कौन से ऐसे डिपार्टमेंट हैं, जहां स्टूडेंट्स से काम लिया जा सकता है। स्टूडेंट्स को इस पार्ट टाइम काम का मेहनताना भी दिया जाएगा। इससे वह अपने पढ़ाई बेहतर ढंग से कर सकेंगे।
बीबीएयू के प्रवक्ता डॉ. गोविंद पांडेय ने बताया कि अर्न व्हाइल यू लर्न स्कीम स्टूडेंट्स के लिए काफी मददगार साबित होगी। उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी में ही बड़ी संख्या में काम करने वालों की जरूरत है।
ऐसे में स्टूडेंट्स अपनी क्लास के बीच में खाली समय में या फिर क्लास के बाद समय दे सकते हैं। विभागों में भी लिखा-पढ़ी व प्रोजेक्ट इत्यादि में सहायकों की जरूरत रहती है। ऐसे में स्टूडेंट्स यहां अपना समय दे सकते हैं।
इससे उन्हें काफी-कुछ सीखने को भी मिलेगा, साथ ही आर्थिक सहायता भी मिल जाएगी। डॉ. पांडेय का कहना है कि हॉर्टिकल्चर डिपार्टमेंट में ही अगर स्टूडेंट्स चाहें तो यूनिवर्सिटी में ही जमीन मिल जाएगी।
वे इस पर फल, सब्जी, फूल की खेती कर कमाई कर सकते हैं। इसमें उन्हें विश्वविद्यालय आर्थिक रूप से मदद करेगा। जब उपज को बेचा जाएगा तो मिलने वाली रकम से मूल लागत यूनिवर्सिटी लेगी और मुनाफा स्टूडेंट अपने पास रखें।
कुलपति प्रो. आरसी सोबती का कहना है कि पढ़ाई के दौरान स्टूडेंट्स को कमाई करने का जब मौका दिया जाएगा, तो इससे उनकी प्रैक्टिकल नॉलेज भी बढ़ेगी।
स्टूडेंट्स को कार्य करने के दौरान तमाम ऐसी चीजें पता चलेंगी जो आगे उनके कॅरिअर के लिए बड़ी महत्वपूर्ण होंगी। इससे यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले सभी स्टूडेंट लाभान्वित होंगे।
अर्न व्हाइल यू लर्न स्कीम कैम्पस में लागू करवाने के लिए प्रो. केएल महावर की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है।
इसमें डॉ. प्रीति मिश्रा, डॉ. एलसी मालिह, डॉ. बीएन दुबे, डॉ. आरके चौधरी, डॉ. वीएम रवि कुमार, डॉ. दीपा राज, डॉ. यूपी किरन, डॉ. ज्योति पांडेय व डॉ. शिल्पी वर्मा शामिल हैं।
बीबीएयू प्रशासन इस स्कीम को कैम्पस में बेहतर ढंग से लागू करना चाहता है। उसका मकसद है कि इससे अधिक से अधिक स्टूडेंट लाभान्वित हों। इस कमेटी की पहली बैठक आज दोपहर 12 बजे होगी।