इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) में जनवरी-2016 सत्र के लिए बुधवार से प्रवेश प्रकिया शुरू हो रही है, जो 30 नवंबर तक चलेगी। यूजी, पीजी, डिप्लोमा व सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक आवेदक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन पत्र दो सौ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट देकर मंगवाया जा सकता है। खास बात यह है कि जिन छात्रों ने 12वीं कक्षा की पढ़ाई नहीं की है या 12वीं का सर्टिफिकेट नहीं है, उनके लिए विश्वविद्यालय बैचलर प्रीपैटरी प्रोग्राम लेकर आ रहा है। इस प्रोग्राम में दाखिले के लिए आवेदनकर्ता की उम्र 18 साल से कम नहीं होनी चाहिए।
विश्वविद्यालय प्रबंधन के मुताबिक, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन डिग्री, डिप्लोमा व सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन आवेदन करने के लिए आवेदकों को onlineadmission.ignou.ac.in पर जाकर अपना आईडी बनाना होगा। आईडी बनाने के बाद आवेदक के ईमेल पर पासवर्ड आएगा। उसी पासवर्ड के आधार पर आगे लॉगइन किया जा सकेगा। ऑनलाइन आवेदन करने पर आवेदक डेबिट, क्रेडिट कार्ड या नेटबैकिंग से दाखिला फीस जमा कर सकते हैं।
इन पाठ्यक्रमों में ले सकते हैं प्रवेश
एमए प्रोग्राम में ट्रांसलेशन स्टडीज, एडल्ट एजुकेशन, वूमन एंड जेंडर स्टडीज, जेंडर एंड डेवलपमेंट स्टडीज, मास्टर इन सोशल वर्क काउंसलिंग, एमएससी में डायबिटिक एंड फूड सर्विस मैनेजमेंट और काउंसलिंग एंड फैमिली थैरेपी प्रोग्राम शामिल हैं। इसके अलावा छात्र फिजिक्स, कैमिस्ट्री, मैथमेटिक्स, बॉटनी व जियोलॉजी में बीएससी, बैचलर इन टूरिज्म स्टडीज, बीकॉम, बीसीए, बैचलर ऑफ लाइब्रेरी ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन, बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इनफॉरमेशन साइंस, बैचलर ऑफ सोशल वर्क, बैचलर ऑफ प्रीपैटरी प्रोग्राम में प्रवेश ले सकते हैं। इसके अलावा पीजी डिप्लोमा, डिप्लोमा, एडवांस सर्टिफिकेट, पीजी सर्टिफिकेट आदि में भी दाखिले लिए जा सकते हैं।