ग्रेटर नोएडा के ईटा वन सेक्टर की चालीस साल की विवाहिता इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्तीर्ण हुई है। महिला ने परीक्षा में 76 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं।
दनकौर के जगनपुर निवासी सरिता राठी की शादी 21 वर्ष की उम्र में बुलंदशहर निवासी वीपी राठी के साथ हुई। शादी के बाद वह वर्ष 2003 में परिवार समेत ग्रेटर नोएडा में आकर रहने लगे।
सरिता राठी के तीन बच्चे हैं। दो बेटी और एक छोटा बेटा है। सरिता का कहना है कि हाईस्कूल पास करने के बाद उनकी पढ़ाई छूट गई थी, लेकिन उन्होंने घर पर पढ़ना जारी रखा।
उन्होंने बताया कि शादी के 19 वर्ष बाद उन्होंने यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट का फार्म भरकर परीक्षा दी थी। रविवार को जब रिजल्ट आया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने बताया कि परिवार के लोग भी काफी खुश हैं।