हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर की जेआरएफ और नेट परीक्षा में एक बार फिर लोहा मनवाया है।
यूनिवर्सिटी के 16 छात्रों ने जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) जबकि 145 ने एनईटी की परीक्षा को पास कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।
एससीए ने उत्तीर्ण छात्रों को बधाई दी है। एससीए अध्यक्ष राजन हारटा और सचिव पीयूष सेवल ने कहा कि विश्वविद्यालय में सीमित सुविधाओं के बावजूद छात्रों ने अपनी मेहनत से प्रदेश का नाम रोशन किया है।
शिक्षकों की कमी के बावजूद दिया बेहतर रिजल्ट
अध्यक्ष हारटा ने कहा कि विश्वविद्यालय में शिक्षकों की कमी, विभागों में नाममात्र पुस्तकों के बावजूद छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में अच्छा परिणाम देकर खुद को साबित किया है।
उधर, पूर्व एससीए अध्यक्ष खुशी वर्मा ने कहा कि हर साल यूनिवर्सिटी से डेढ़ सौ से ज्यादा छात्र यह परीक्षा पास कर रहे हैं।
इसके लिए यूनिवर्सिटी का छात्र समुदाय बधाई का पात्र है। उन्होंने कहा कि एससीए और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।