किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में 16 नए विभाग शुरू होंगे।
साथ ही पोस्ट ग्रेजुएट में सीटें भी बढ़ाई गईं। शुक्रवार को हुई कार्यपरिषद की बैठक में इसे अनुमति दी गई। इसके अलावा शिक्षक अब वीआरएस ले सकेंगे।
कार्यपरिषद में इस पर विशेष टिप्पणी करते हुए शिक्षकों का ‘फंडामेंटल राइट’ बताया।
शिक्षकों को एसजीपीजीआई, डॉ. राममनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और रूरल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के बराबर वेतन दिए जाने के मामले को कार्यपरिषद की संस्तुति के साथ शासन को भेजने पर भी सहमति बनी।
शुक्रवार को केजीएमयू में कार्यपरिषद की बैठक हुई, जिसमें लगभग 73 एजेंडों पर चर्चा हुई। इनमें से अधिकतर पर सदस्यों ने अपनी सहमति दे दी है। विवि में 16 नए विभाग शुरू करने पर अनुमति दी गई।
इसके अलावा एमसीआई ने एनॉटमी की सीटें दो से बढ़ाकर सात, एमडी पैथोलॉजी की सात से 14, एमडी फार्माकोलॉजी की दो से चार, एमडी फिजियोलॉजी की दो से चार, एमडी एनेस्थीसियोलॉजी की सात से 21, एमडी कम्युनिटी मेडिसिन की तीन से पांच कर दी हैं।
इसके अलावा सुपर स्पेशलिटी पाठ्यक्रम डीएम कार्डियोलॉजी की चार से आठ, एमसीएच यूरोलॉजी की दो से छह कर दी हैं।
इसके अलवा 11 मंजिले इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज और स्कूल ऑफ नर्सिंग को भी खोले जाने अनुमति दी गई।