शहर के 107 सरकारी स्कूलों में नए सत्र (अप्रैल) में 1100 एनटीटी, जेबीटी और टीजीटी शिक्षकों की नियुक्ति की तैयारी जोरों पर है। शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को देखते हुए भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरा करने की तैयारी शुरू कर दी है। अप्रैल मध्य तक नव नियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलने की संभावना है।
शिक्षा विभाग में शिक्षकों के 1100 पदों के लिए देशभर से 60 हजार युवाओं ने आवेदन किया है और जनवरी, फरवरी में लिखित परीक्षा ली जा चुकी है। विभाग ने लिखित परीक्षा पर अभ्यर्थियों से ऑब्जेक्शन मांगे हैं। अगले हफ्ते तक आब्जेक्शन दूर करने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके 15 दिनों के अंदर मेरिट लिस्ट जारी कर दी जाएगी। 2009 में शिक्षक भर्ती घोटाले के बाद इस बार चंडीगढ़ प्रशासन ने इंटरव्यू खत्म कर दिया है। लिखित परीक्षा की मेरिट के आधार पर ही भर्ती होगी।