पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा के घोषित हुए नतीजों में जीरा (फिरोजपुर) में न्यू पैराडाइस स्कूल की छात्रा नमरीत कौर ने 99.69 फीसदी अंक हासिल कर पंजाब में पहला स्थान प्राप्त किया है। नमरीत कौर ने 647 अंक प्राप्त किए हैं। नमरीत कौर आईएएस आफिसर बनना चाहती है।
नमरीत कौर ने बताया कि प्लस-वन में नॉन मेडिकल लिया है। वह कबड्डी की खिलाड़ी है। जिला स्तर की खेलों में पहला स्थान प्राप्त किया है जबकि पंजाब स्तरीय खेलों में दूसरा स्थान हासिल किया है। वह शुरू से ही कबड्डी खेलती आ रही है।
उसके पिता लखविंदर सिंह का न्यू पैरा डाइस स्कूल है। उसकी मां जसप्रीत कौर स्कूल की एमडी है। मां जसप्रीत कौर ने बताया कि नमरीत पढ़ाई में बहुत अच्छी है। खेल के साथ-साथ पढ़ाई में भी काफी रुचि है।
एकेदमिक श्रेणी में तीसरा स्थान: वहीं फिरोजपुर की एसएस मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल कस्सूआना की छात्रा हरमनदीप कौर ने 98.77 फीसदी अंक लेकर पंजाब में एकेदमिक श्रेणी में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
हरमनदीप कौर पुत्री रणजीत सिंह वासी गांव हरदासा ने बताया कि उसने प्लस-वन में नॉन मेडिकल लेकर पढ़ाई शुरू की है। पढ़ाई पूरी होने पर आईपीएस बनना चाहती हूं। खेल में कोई खास रुचि नहीं है। पढ़ाई में सबसे ज्यादा ध्यान है। घर में कोई ज्यादा पढ़ा लिखा नहीं है। पिता खेतीबाड़ी करके परिवार का पालन पोषण करता है। छोटा किसान परिवार है। हरमनदीप कौर ने बताया कि उसने 650 अंक में से 642 अंक प्राप्त किए हैं।
इसके अलावा इसी स्कूल की पवनदीप कौर पुत्री हरपिंदर सिंह वासी कस्सुआना ने पंजाब में चौथा स्थान प्राप्त किया है। पवनदीप कौर ने 641 (98.62 फीसदी) अंक प्राप्त किए हैं। इसी तरह तरनवीर कौर पुत्री गुरभेज सिंह ने 639 अंक लेकर पंजाब में आठवां स्थान हासिल किया है। इसी स्कूल की मनप्रीत कौर ने 627 अंक लेकर 20वां स्थान प्राप्त किया है।