उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में टेलीकॉम, पेट्रोलियम, आईटी व ऑटो सेक्टर के ब्लूचिप शेयरों में लिवाली के सहारे घरेलू शेयर बाजार बढ़त पर रहे।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स शुरुआती सत्र में 260 अंक की बढ़त हासिल करने के बाद आखिरी घंटों में बिकवाली के दबाव में आकर 88.26 अंक ऊपर 18,629.15 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 18.85 अंक बढ़कर 5,609.10 अंक पर रहा। एमसीएक्स-एसएक्स का प्रमुख सूचकांक एसएक्स-40 भी 84.79 अंक की बढ़त के साथ 11,097.94 अंक पर बंद हुआ।
बड़ी कंपनियों के मुकाबले छोटी और मझोली कंपनियों के शेयर दबाव में रहे, जिससे बीएसई का मिडकैप 25.50 अंक गिरकर 5,856.61 अंक पर और स्मॉलकैप 23.38 अंक नीचे 5,570.25 अंक पर रहा।
सेंसेक्स में भारती एयरटेल 4.34 फीसदी लाभ के साथ सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली कंपनी रही। इसके साथ ही ओएनजीसी 3.80, महिंद्रा 3.18, हिंडाल्को 2.76, आईटीसी 1.84, एचडीएफसी बैंक 1.43, आरआईएल 1.32, एलएंडटी 0.95 फीसदी बढ़त में रहे।
दूसरी ओर नुकसान उठाने वाले शेयरों में एनटीपीसी 2.61 फीसदी, टाटा पावर 2.07, विप्रो 1.92, एसबीआई 1.75, एचडीएफसी 1.59, आईसीआईसीआई बैंक 1.56, कोल इंडिया 1.3, भेल 1.15 व टीसीएस 1.12 फीसदी गिरावट में रहे।