बाजार नियामक सेबी ने वैश्विक शराब कंपनी डियाजियो को यूबी ग्रुप के पब्लिक शेयरधारकों से 26 फीसदी हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए ओपन ऑफर को मंजूरी दे दी है। डियाजियो 11,167 करोड़ रुपये में यूनाइटेड स्प्रिट की बहुलांश हिस्सेदारी खरीदने के सौदे को पूरा करने के करीब है।
विजय माल्या की यूनाइटेड स्प्रिट लिमिटेड में 53.4 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के समझौते के तहत डियाजियो ने कंपनी के गैर प्रमोटर शेयरधारकों से 26 फीसदी शेयर खरीदने के लिए 5,441 करोड़ रुपये का ओपन ऑफर पेश किया है। गत 9 नवंबर को समझौते की घोषणा के ठीक बाद तीन महीने पहले पेश किए गए ओपन ऑफर को अब सेबी ने अपनी मंजूरी दी है। यह मंजूरी नियामक की ओर मांगे गए तमाम स्पष्टीकरण के बाद दी गई।
समझौते के अंतर्गत, डियाजियो 27.4 फीसदी शेयर 5,725.4 करोड़ रुपये में मौजूदा प्रमोटरों और तरजीही आवंटन के जरिए खरीदेगी। इसके अलावा, डियाजियो अतिरिक्त 26 फीसदी हिस्सेदारी का अधिग्रहण 5,441.07 करोड़ रुपये के ओपन ऑफर के जरिए करेगी।