प्रदेश के मुख्य सचिव जावेद उस्मानी का कहना है कि नई औद्योगिक नीति में इस तरह के प्रावधान किए गए हैं ताकि प्रदेश में औद्योगिक विकास की 11.2 प्रतिशत दर हासिल की जा सके। इसी लिए नई नीति के तहत उद्यमियों को खास रियायतें व सहूलियतें दी गईं हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में केंद्र सरकार की मदद से दो मेगा लेदर कलस्टर बनाए जाएंगे। इसमें इटली केउद्यमियों का भी सहयोग लिया जाएगा।
पूर्वांचल, बुंदेलखंड व विन्ध्यांचल क्षेत्रों में उद्यमियों को विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं स्टांप ड्यूटी में पूरी छूट दिए जाने की व्यवस्था है। मुख्य सचिव जावेद उस्मानी ने बुधवार को नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तर प्रदेश के मंडप का उद्घाटन क रने के बाद पत्रकारों से यह बात कही।
उन्होंने कहा कि लघु उद्योगों के क्लस्टर विकसित करने के लिए उन्नाव में जरदोजी क्लस्टर तथा मेरठ में इम्ब्राईडरी तथा आर्टिफिश्यिल ज्वैलरी के लिए क्लस्टर मंजूर किए गए हैं। प्रदेश में अब तक 24590 सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों की स्थापना करायी गई है।
इसमें 155312 व्यक्तियों को रोजगार के प्राप्त हुए। इन उद्यमों में कुल 1946.86 करोड़ का पूंजी निवेश किया गया है। इसके अलावा उद्यमियों को एक छत के नीचे एकल मेज व्यवस्था के तहत विभिन्न विभागों से लाइसेंस की मंजूरी के लिए आवेदन पत्रों का निस्तारण तय समय में किया जा रहा है। मुख्य सचिव ने उप्र मंडप का भ्रमण कर अवलोकन किया।